मुंबई में एक बाइक सवार ने पुलिस पर हमला कर दिया। आरोपी शख्स बिना हेलमेट के बाइक चला रहा था। जब ट्रैफिक पुलिस ने उसे देखा तो रोक लिया। इसके बाद आरोपी ने जेब से चाकू निकाला औऱ कांस्टेबल पर हमला कर दिया। हमले में ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल घायल हो गया। हमले में घायल कांस्टेबल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल आरोपी को नोटिस जारी किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने बिना हेलमेट के बाइक चलाने वाले शख्स को रोका था। इसके बाद उसने ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल पर हमला कर दिया। हमले में कांस्टेबल घायल हो गया। यह घटना कथित तौर पर सोमवार को मुंबई के परेल इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी शख्स 22 साल का है। वह मानसिक रूप से बीमार है। हालांकि वह बिना हेलमेट के बाइक चला रहा था।
पुलिस के साथ की बहस
जानकारी के अनुसार, जब ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसे बिना हेलमेट के देखा तो रोकने की कोशिश की। इसके बाद वह थोड़ी दूरी तक गाड़ी चलाता रहा। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, जब पुलिस उसे पकड़कर पुलिस स्टेशन ले गई तो वह उनके साथ बहस करने लगा।
रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद आरोपी शख्स ने अपनी जेब से चाकू निकाला और पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में एक कांस्टेबल घायल हो गया। कॉन्स्टेबल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया और उसका इलाज चल रहा है।
इस बीच मुंबई पुलिस ने आरोपी शख्स के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज किया। हालांकि, कथित तौर पर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। उसके खिलाफ सिर्फ एक नोटिस जारी किया गया क्योंकि वह एक मानसिक बीमारी से पीड़ित है। पुलिस को बताया गया कि फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।