
AICC के सदस्य विश्वबंधु राय ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर भाई जगताप के खिलाफ मनमानी करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं
मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भाई जगताप की ‘भाईगीरी’ के खिलाफ अभी से बागी सुर उभरने शुरू हो गए हैं। AICC के सदस्य विश्वबंधु राय ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर भाई जगताप के खिलाफ मनमानी करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बुरे वक्त में कांग्रेस को सहारा देने वाले मुस्लिम और उत्तर भारतीय समाज के किसी भी व्यक्ति को जिलाध्यक्ष नहीं बनाया गया है।
राय ने आरोप लगाया है कि भाई जगताप ने अपने भारतीय कामगार कर्मचारी महासंघ यूनियन के सचिव सदानंद भिकाजी चव्हाण को मुंबई कांग्रेस में महासचिव और भांजे अनंत बबन जाधव को भी सचिव बनाया है। कैबिनेट मंत्री असलम शेख ने अपने समधी अब्दुल अहाब खान को महासचिव बनाया है। बहती गंगा में मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद संजय निरूपम ने हाथ धोते हुए अपने भाई अंजय बृजकिशोरलाल श्रीवास्तव को महासचिव बनवाया है। निरूपम समर्थक जयप्रकाश काशीनाथ सिंह को जहां उपाध्यक्ष बनाया गया है, तो जयप्रकाश सिंह ने जुगाड़ लगाते हुए अपने बेटे धीरज सिंह को महासचिव बनवा लिया।