दरभंगा के लाल देवेन भारती बने मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर. 26/11 केस में निभाई थी अहम भूमिका, अब मिली बड़ी ज़िम्मेदारी

0
18

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

Mumbai : मुंबई/दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के मिर्जापुर मोहल्ले के रहने वाले वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती को मुंबई का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उन्होंने मौजूदा कमिश्नर विवेक फणसालकर की जगह ली है। देवेन भारती 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उनका चयन कई वरिष्ठ अधिकारियों की दौड़ के बीच हुआ है।

देवेन भारती ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. भारती श्रीवास्तव के पुत्र हैं। उनका परिवार मूलतः दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिर्जापुर मोहल्ले का रहने वाला है। देवेन पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। उनके माता-पिता का देहांत हो चुका है।

26/11 के आतंकी हमले के बाद अजमल कसाब को फांसी दिलाने में उनकी भूमिका को आज भी याद किया जाता है। इस कार्य को लेकर उन्हें पुलिस महकमे में विशेष पहचान मिली। माना जा रहा है कि उनकी इसी दक्षता और निष्ठा को देखते हुए उन्हें यह बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।

अपने 29 साल के लंबे करियर में देवेन भारती ने गढ़चिरौली, अमरावती और अकोला जैसे जिलों में एसपी के रूप में सेवाएं दी हैं। 1998 से 2003 के बीच वे खुफिया विभाग में रहे, वहीं 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें आर्थिक अपराध शाखा में तैनात किया गया था। बाद में वे महाराष्ट्र एटीएस के प्रमुख बने।

पुलिस कमिश्नर की दौड़ में सदानंद दाते, संजय कुमार वर्मा, रितेश कुमार और अर्चना त्यागी जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन अंततः देवेन भारती को यह पद सौंपा गया। मिथिला की धरती से निकले इस अधिकारी ने एक बार फिर इलाके का नाम रोशन किया है।

Facebook Comments Box