Mumbai : लखनऊ/मुंबई: महाराष्ट्र के रिहायशी पब, होटल और पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने वाले दो अंतरराज्यीय तस्कर भावेश चौहान उर्फ़ लालू और शोएब अशरफ पठान उर्फ़ बटला को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने लखनऊ से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मुंबई के मीरा-भाईंदर वसई-विरार क्षेत्र में NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामलों में फरार चल रहे थे।
एसटीएफ ने 23 मार्च 2026 को महाराष्ट्र पुलिस की सूचना पर लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास टेम्पो स्टैंड से दोनों आरोपियों को शाम करीब 6 बजे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारियों के बाद पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले 4-5 वर्षों से अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल थे। वे अपने साथियों के साथ मिलकर बाजार में उपलब्ध केमिकल्स से ब्राउन शुगर तैयार करते थे और उसे मुंबई के पब, होटल और पार्टियों में सप्लाई करते थे।
पुलिस के अनुसार, 5 फरवरी 2026 को वसई-विरार इलाके में ड्रग्स की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद आरोपी मुंबई से फरार हो गए थे और लखनऊ होते हुए नेपाल भागने की योजना बना रहे थे।
भावेश चौहान का आपराधिक रिकॉर्ड भी लंबा है, उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, दंगा और NDPS एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नायगांव थाना, वसई-विरार में की जा रही है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।




